Dakhal News
इंदौर के खुड़ैल थाना क्षेत्र में क्रिसेंट वॉटर पार्क के पास बुधवार सुबह एक तेंदुआ रहवासी मकान के नजदीक बैठा दिखाई दिया। ग्रामीणों के मुताबिक, तेंदुए के सिर और मुंह पर चोट के निशान थे और वह सुस्त हालत में नजर आ रहा था। तेंदुए को देखकर इलाके में दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्र में उसकी तलाश शुरू की। हालांकि, वन विभाग के अधिकारियों ने तेंदुए की मौजूदगी और उसके घायल होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
जानकारी के अनुसार, तेंदुआ हरिओम ठाकुर के मकान के पास बैठा दिखाई दिया था, लेकिन कुछ देर बाद वहां से भाग गया। हरिओम ठाकुर ने बताया कि इससे पहले 8 अक्टूबर को भी तेंदुआ उनके फार्म हाउस में घुस आया था और मवेशियों का शिकार किया था। उस समय ग्रामीणों ने उसे वहां से भगाया था। इस बार तेंदुए के सिर और मुंह पर चोट के निशान देखकर आशंका जताई जा रही है कि वह किसी दूसरे वन्यजीव के साथ संघर्ष में घायल हुआ होगा। हालांकि, चोट लगने की वजह की पुष्टि नहीं हुई है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, क्रिसेंट वॉटर पार्क के पास रालामंडल की पहाड़ियां हैं और वहां से तेंदुए के आबादी वाले क्षेत्र में आने की आशंका बनी रहती है। हरिओम ठाकुर का कहना है कि पहाड़ियों की ओर जालियां नहीं होने के कारण वन्यजीवों की आवाजाही होती रहती है। फिलहाल खेतों में सिंचाई का काम चल रहा है, ऐसे में ग्रामीणों ने वन विभाग से सतर्कता बढ़ाने और इलाके में निगरानी रखने की मांग की है। अब वन विभाग की सर्चिंग के बाद ही तेंदुए की स्थिति को लेकर स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।
Dakhal News
|
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.
Created By:
Medha Innovation & Development |