Dakhal News
नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही फिल्म ‘रामायण’ के दूसरे गाने ‘रावण तांडव’ को लेकर सोशल मीडिया पर सवाल उठ रहे हैं। करीब 1 मिनट 55 सेकंड के इस गाने में साउथ अभिनेता यश रावण के किरदार में भगवान शिव की भक्ति करते नजर आ रहे हैं। हालांकि, गाने का संगीत और इसके बोल कुछ दर्शकों को पसंद नहीं आए। सोशल मीडिया पर एआर रहमान के संगीत और डॉ. कुमार विश्वास के लिखे लिरिक्स की आलोचना करते हुए कहा जा रहा है कि रामायण जैसे महाकाव्य के लिए जिस भक्ति, ऊर्जा और भव्यता की उम्मीद थी, वह गाने में नजर नहीं आती।
‘रावण तांडव’ की तुलना प्रभास की फिल्म ‘आदिपुरुष’ के ‘शिव तांडव’ से भी की जा रही है, जिसके संगीतकार अजय-अतुल थे। कुछ यूजर्स का कहना है कि ‘आदिपुरुष’ के शिव तांडव में अधिक ऊर्जा और प्रभाव महसूस होता है, जबकि ‘रामायण’ का यह ट्रैक उनकी उम्मीदों पर खरा नहीं उतरा। कुछ लोगों ने फिल्म के अगले भाग के लिए अजय-अतुल को संगीत की जिम्मेदारी देने का सुझाव भी दिया है। वहीं, गाने के करीब चार मिनट लंबे होने के दावे के बीच यह भी कहा जा रहा है कि छोटे प्रोमो वर्जन में संगीत के प्रवाह और प्रभाव पर असर पड़ा हो सकता है।
गौरतलब है कि फिल्म ‘रामायण’ के टीजर को लेकर भी पहले सोशल मीडिया पर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं सामने आई थीं। भगवान राम के लुक और शानदार विजुअल इफेक्ट्स की तारीफ हुई, तो वहीं कुछ यूजर्स ने युद्ध के दृश्यों, राक्षसों के डिजाइन और कुछ शॉट्स की तुलना हॉलीवुड फिल्मों से की थी। अब ‘रावण तांडव’ के संगीत और बोलों को लेकर शुरू हुई बहस ने फिल्म की चर्चा को फिर तेज कर दिया है। हालांकि, गाने को लेकर सामने आ रही आलोचनाएं फिलहाल सोशल मीडिया यूजर्स की प्रतिक्रियाओं पर आधारित हैं।
Dakhal News
|
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.
Created By:
Medha Innovation & Development |