एमपी में राज्यसभा सीट को लेकर बीजेपी में घमासान
 Turmoil within the BJP over Rajya Sabha seat in MP

 

मध्यप्रदेश में राज्यसभा की एक सीट को लेकर बीजेपी के भीतर सियासी हलचल तेज हो गई है। डॉ. एल. मुरुगन के इस्तीफे के बाद खाली हुई इस सीट पर पार्टी के कई वरिष्ठ नेता अपनी दावेदारी जता रहे हैं। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि कुछ नेता भोपाल से लेकर दिल्ली तक अपनी उम्मीदवारी के लिए प्रयास कर रहे हैं। हालांकि, प्रदेश नेतृत्व को अब तक केंद्रीय नेतृत्व की ओर से कोई आधिकारिक निर्देश नहीं मिला है। ऐसे में इस सीट पर किसे मौका मिलेगा, इसका फैसला बीजेपी का संसदीय बोर्ड ही करेगा।

भारत निर्वाचन आयोग ने मध्यप्रदेश से राज्यसभा उपचुनाव का कार्यक्रम घोषित कर दिया है। घोषित कार्यक्रम के अनुसार, 26 अक्टूबर 2026 को चुनाव की अधिसूचना जारी होगी, जबकि 12 नवंबर को मतदान कराया जाएगा। इसी दिन मतगणना भी होगी। बीजेपी के पास विधानसभा में पर्याप्त संख्या बल होने के कारण इस सीट पर पार्टी के उम्मीदवार की जीत लगभग तय मानी जा रही है। यही वजह है कि दावेदारों की संख्या बढ़ने के साथ ही पार्टी के भीतर राजनीतिक चर्चाएं भी तेज हो गई हैं।

इस सीट को बीजेपी के उन वरिष्ठ नेताओं के लिए अहम अवसर माना जा रहा है, जो लंबे समय से किसी बड़ी जिम्मेदारी का इंतजार कर रहे हैं। पार्टी के भीतर यह चर्चा भी है कि डॉ. एल. मुरुगन तमिलनाडु से आते हैं, इसलिए खाली हुई सीट पर दक्षिण भारत के किसी नेता को मौका दिया जा सकता है। हालांकि, इस संबंध में अभी कोई आधिकारिक फैसला सामने नहीं आया है। डॉ. एल. मुरुगन का कार्यकाल वर्ष 2030 तक था। अब सभी की नजरें बीजेपी के केंद्रीय नेतृत्व पर टिकी हैं कि वह इस सीट के लिए किस नेता के नाम पर मुहर लगाता है।

Dakhal News 22 October 2026

Comments

Be First To Comment....

Video
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.