Dakhal News
कम बजट में बनी फिल्म ‘हनुमान अंश’ को दर्शकों से मिली प्रतिक्रिया के बाद इसके आगे की कहानी को लेकर उत्सुकता बढ़ी है। फिल्म की निर्माता अनुप्रिया नागर के मुताबिक, इसे फ्रेंचाइजी के तौर पर आगे बढ़ाने की योजना फिल्म बनने से पहले ही तैयार थी और शुरुआत में तीन फिल्मों का विचार था। हालांकि दूसरे पार्ट की स्क्रिप्ट पर अभी काम शुरू नहीं हुआ है। निर्देशक के दूसरी फिल्म साइन करने के कारण अगली कड़ी को शुरू होने में कुछ समय लग सकता है। निर्माता का कहना है कि महाराज जी के जीवन से जुड़ी इतनी कहानियां और प्रसंग हैं कि उन्हें एक ही फिल्म में समेटना संभव नहीं है।
दूसरे पार्ट की रिलीज को लेकर फिलहाल कोई तय समयसीमा नहीं है। निर्माता के अनुसार, टीम ने अभी अगली फिल्म पर विस्तार से चर्चा भी नहीं की है और कहानी की जरूरत के आधार पर ही आगे की दिशा तय होगी। बजट बढ़ाने को लेकर भी उनका कहना है कि सिर्फ फिल्म को बड़ा या भव्य दिखाने के लिए अतिरिक्त पैसा खर्च नहीं किया जाएगा। अगर कहानी में बड़े युद्ध, ब्रिटिश राज या किसी बड़े ऐतिहासिक प्रसंग जैसे सीक्वेंस शामिल होते हैं, तो उनके लिए स्वाभाविक रूप से ज्यादा संसाधनों की जरूरत पड़ सकती है। यानी अगली फिल्म का स्केल कहानी की मांग के हिसाब से तय किया जाएगा।
निर्माता ने यह भी बताया कि फिल्म के साथ भविष्य में किसी बड़े स्टूडियो की साझेदारी की संभावना से इनकार नहीं है, लेकिन प्रोडक्शन और रचनात्मक फैसलों पर टीम का नियंत्रण जरूरी रहेगा। उनके मुताबिक फिल्म की सबसे बड़ी प्राथमिकता उसकी कहानी, आत्मा और ऑथेंटिसिटी को बनाए रखना है। उन्होंने बताया कि ‘हनुमान अंश’ करीब डेढ़ करोड़ रुपये से थोड़े ज्यादा बजट में बनी है और इसकी लागत दो करोड़ रुपये से कम रही। फिल्म के डिस्ट्रीब्यूशन के लिए अलग-अलग पार्टनर्स जुड़े हैं, जबकि प्रोडक्शन हाउस पर टीम का अपना नियंत्रण है।
Dakhal News
|
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.
Created By:
Medha Innovation & Development |