Dakhal News
एक्ट्रेस स्वरा भास्कर ने फिल्म ‘पद्मावत’ के जौहर सीन को लेकर करीब आठ साल पुराने विवाद पर फिर अपनी बात रखी है। एक इंटरव्यू में स्वरा ने कहा कि उनके बयान को उस समय गलत तरीके से पेश किया गया था और अब भी पुराने विवाद को बार-बार उठाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग उनके नाम और पुराने बयानों के जरिए अपना एजेंडा चलाते हैं। स्वरा का कहना है कि उन्होंने जौहर करने वाली महिलाओं को कायर नहीं कहा था, बल्कि अपने नजरिए और रेप सर्वाइवर्स के संदर्भ में उस दृश्य पर सवाल उठाए थे।
यह विवाद अब रियलिटी शो ‘राइज एंड फॉल 2’ में भी देखने को मिला। शो के एक प्रोमो में कंटेस्टेंट शहजाद पूनावाला और सिवेत तोमर के बीच स्वरा के बयान को लेकर तीखी बहस हुई। सिवेत ने कहा कि स्वरा की टिप्पणी से राजपूत महिलाओं की भावनाएं आहत हुई हैं और जब तक वह माफी नहीं मांगतीं, वह उनसे बात नहीं करेंगे। इसके बाद बहस बढ़ने पर दोनों के बीच हाथापाई की स्थिति बन गई और स्वरा ने बीच में आकर सिवेत को रोकने की कोशिश की। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बाद में सिवेत को शो से बाहर कर दिया गया।
दरअसल, यह मामला 2018 में रिलीज हुई संजय लीला भंसाली की फिल्म ‘पद्मावत’ से जुड़ा है। फिल्म के जौहर दृश्य को लेकर स्वरा ने उस समय एक खुला पत्र लिखकर अपनी आपत्ति जताई थी। हाल ही में दिल्ली में एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने फिर इस दृश्य का जिक्र करते हुए कहा था कि ऐसे चित्रण से रेप सर्वाइवर्स को गलत संदेश जा सकता है। उनके इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर फिर बहस शुरू हो गई और कुछ लोगों ने इसे ऐतिहासिक जौहर और राजपूत महिलाओं के अपमान से जोड़कर आलोचना की। स्वरा ने अब अपने पुराने बयान का संदर्भ स्पष्ट करते हुए कहा है कि उनकी बात को जिस अर्थ में पेश किया गया, उनका आशय वह नहीं था।
Dakhal News
|
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.
Created By:
Medha Innovation & Development |