इंदौर की अनंत चतुर्दशी झांकी में दिखी भक्ति और शौर्य की झलक
  Glimpses of devotion and valor seen in Indore

 

इंदौर में अनंत चतुर्दशी का पारंपरिक चल समारोह इस बार भी पूरी रात उत्साह और उमंग के बीच जारी रहा। करीब 12 घंटे तक चले आयोजन में 22 से ज्यादा आकर्षक झांकियां और 65 अखाड़े शामिल हुए। शहर की सड़कों पर हजारों लोग देर रात तक डटे रहे और धार्मिक प्रसंगों पर आधारित झांकियों के साथ अखाड़ों के कलाकारों के हैरतअंगेज प्रदर्शन का आनंद लिया। झांकियों की प्रतियोगिता में राजकुमार मिल की भगवान विष्णु और मधु-कैटभ के युद्ध पर आधारित झांकी को पहला स्थान मिला। मालवा मिल की ‘मछली जल की रानी’ और हुकुमचंद मिल की भगवान गणेश द्वारा सिंदुरासुर वध की झांकी संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर रही, जबकि कल्याण मिल और स्वदेशी मिल की झांकियों को तीसरा पुरस्कार मिला। होप टेक्सटाइल मिल की भगवान शिव की बारात वाली झांकी को विशेष पुरस्कार दिया गया।

चल समारोह के दौरान मंत्री कैलाश विजयवर्गीय भी आधी रात कार्यक्रम में पहुंचे। उन्होंने गणपति भजन गाकर मौजूद लोगों का उत्साह बढ़ाया और लोगों से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने विधानसभा क्षेत्र-4 के विधायक और अपने बेटे एकलव्य विजयवर्गीय के नजर नहीं आने पर उनके बारे में भी पूछा। समारोह में विभिन्न अखाड़ों और व्यायामशालाओं के कलाकारों ने पारंपरिक शस्त्र कला का प्रदर्शन किया। गतका फरी में चंद्रपाल उस्ताद व्यायामशाला और दो हाथ की बनेठी में श्री बिंदागुरू व्यायामशाला ने पहला स्थान हासिल किया। महिला वर्ग में श्री रामनाथ गुरू व्यायामशाला विजेता रही।

अखाड़ों के प्रदर्शन में बालक वर्ग में वीर राजपूत और बालिका वर्ग में राशि कुलपारे ने पहला स्थान हासिल किया। आयोजन के दौरान कलाकारों ने पारंपरिक युद्धकला और व्यायाम का प्रदर्शन कर लोगों का ध्यान खींचा। चल समारोह को लेकर प्रशासन की ओर से विभिन्न व्यवस्थाएं की गई थीं। जिला प्रशासन ने अखाड़ों की अलग-अलग श्रेणियों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विजेताओं के लिए नकद पुरस्कारों की भी घोषणा की है।

 

Dakhal News 26 September 2026

Comments

Be First To Comment....

Video
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.