Patrakar Priyanshi Chaturvedi
करीब 19 साल बाद इमरान हाशमी की चर्चित फिल्म 'आवारापन' का सीक्वल 'आवारापन 2' बड़े पर्दे पर वापसी करने जा रहा है। सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (सीबीएफसी) ने फिल्म को रिलीज के लिए हरी झंडी दे दी है। बोर्ड की जांच समिति ने फिल्म को यूए 16 प्लस सर्टिफिकेट देने से पहले निर्माताओं को 9 जरूरी बदलाव करने के निर्देश दिए थे, जिसके बाद फिल्म को मंजूरी मिली। फिल्म 14 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
सेंसर बोर्ड ने फिल्म के एक सीन में इस्तेमाल किए गए अश्लील शब्द को ऑडियो और सबटाइटल दोनों में बदलने का निर्देश दिया। इसके अलावा फिल्म के दूसरे हाफ में एक हिंसक सीन को 50 प्रतिशत तक कम करने और तीन अन्य अत्यधिक हिंसक सीन हटाने को कहा गया। फिल्म के बीच में मौजूद एक ड्रग्स कंजम्पशन सीन को भी पूरी तरह हटाया गया। सीबीएफसी रिकॉर्ड के मुताबिक फिल्म का रनटाइम 2 घंटे 20 मिनट है, जबकि 2007 में आई पहली फिल्म करीब 2 घंटे 13 मिनट की थी।
नितिन कक्कड़ के निर्देशन में बनी इस फिल्म में इमरान हाशमी एक बार फिर शिवम पंडित के किरदार में नजर आएंगे। उनके साथ दिशा पाटनी और वरिष्ठ अभिनेत्री शबाना आजमी भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगी। पहली फिल्म में इमरान हाशमी के किरदार को दर्शकों ने खूब सराहा था, और अब लंबे इंतजार के बाद नई कहानी व दमदार कलाकारों के साथ इसकी वापसी को लेकर फैंस में उत्सुकता है।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.
Created By:
Medha Innovation & Development |