Patrakar Priyanshi Chaturvedi
झारखंड में सरकारी भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितता और पेपर लीक के विरोध में रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में चल रहा छात्र आंदोलन मंगलवार को 18वें दिन में प्रवेश कर गया। आंदोलनकारी छात्रों ने रांची में मौन मार्च निकालकर फ्लैश लाइटें जलाईं और सरकार से सीधे संवाद की मांग दोहराई। इसी मुद्दे को लेकर भाजपा ने मंगलवार को झारखंड बंद का आह्वान किया था, जिसका राजधानी सहित राज्य के कई हिस्सों में असर देखने को मिला।
छात्रों की प्रमुख मांगों में JSSC CGL परीक्षा रद्द करना और JPSC की भर्ती प्रक्रिया में सुधार शामिल है। आंदोलन के दौरान बीते दिनों देवेंद्रनाथ महतो सहित छह लोग अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर भी बैठे थे। राज्य विधानसभा के मानसून सत्र में भी विपक्ष के भारी हंगामे के बीच सदन की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित करनी पड़ी।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इससे पहले भाजपा पर आंदोलनकारी अभ्यर्थियों को राजनीतिक लाभ के लिए गुमराह करने का आरोप लगाया था और आंदोलनकारियों से संवाद के जरिए समाधान निकालने की अपील की थी। सरकार और छात्रों के बीच अब तक कोई ठोस बातचीत सफल नहीं हो पाई है, जिससे आंदोलन लगातार लंबा खिंचता जा रहा है और राज्य में राजनीतिक तापमान बढ़ता जा रहा है।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.
Created By:
Medha Innovation & Development |