Patrakar Priyanshi Chaturvedi
जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने वाली 15 वर्षीय नाबालिग लड़की को प्रधानमंत्री द्वारा माफ किए जाने के बाद उसकी मां भावुक हो गईं। मीडिया से बातचीत में उन्होंने हाथ जोड़कर पीएम मोदी का आभार जताते हुए कहा कि उनकी बेटी को अपनी गलती सुधारने का एक और मौका मिला है। उन्होंने कहा कि बेटी के जन्मदिन पर मिली यह माफी उसके लिए "नई जिंदगी" और "नया जन्म" है। हालांकि, मां ने यह भी कहा कि इस मामले में दर्ज एफआईआर में उनकी बेटी की उम्र 25 वर्ष दर्ज कर दी गई है, जबकि वह नाबालिग है। उन्होंने सरकार से एफआईआर वापस लेने की अपील करते हुए कहा कि इससे उनकी बेटी का भविष्य प्रभावित हो सकता है।
इस मामले को लेकर मां ने 20 वर्ष से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रतिबंध लगाने की मांग भी उठाई। उनका कहना है कि बच्चों का ध्यान पढ़ाई पर होना चाहिए और उन्हें राजनीतिक गतिविधियों में शामिल नहीं किया जाना चाहिए। वहीं, मामले ने राजनीतिक रंग भी ले लिया है। CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके ने प्रधानमंत्री के इंस्टाग्राम वीडियो पर टिप्पणी करते हुए सवाल उठाया कि क्या यह माफी केवल सार्वजनिक बयान तक सीमित है या फिर लड़की के खिलाफ दर्ज कानूनी कार्रवाई पर भी इसका कोई प्रभाव पड़ेगा।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.
Created By:
Medha Innovation & Development |