PM पर आपत्तिजनक सोशल मीडिया पोस्ट पर दिल्ली पुलिस सख्त, प्लेटफॉर्म्स को भेजे जाएंगे नोटिस
जंतर-मंतर पर CJP के प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अन्य नेताओं के खिलाफ सोशल मीडिया पर की गई कथित आपत्तिजनक पोस्ट, वीडियो और टिप्पणियों पर दिल्ली पुलिस कार्रवाई की तैयारी में है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, संबंधित सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स को नोटिस भेजकर ऐसे कंटेंट को हटाने की मांग की जाएगी। फिलहाल प्रदर्शन से जुड़े ऑनलाइन कंटेंट की समीक्षा की जा रही है और यह जांच भी की जा रही है कि कहीं कोई पोस्ट कानून का उल्लंघन या सार्वजनिक व्यवस्था के लिए खतरा तो नहीं बन रही।
दिल्ली पुलिस की सोशल मीडिया मॉनिटरिंग टीम विभिन्न प्लेटफॉर्म्स पर ऐसे कंटेंट की पहचान में जुटी है और पूरे मामले पर लगातार नजर रख रही है। वहीं, 36 दिन तक चले छात्र आंदोलन ने व्यंग्य, डिजिटल नेटवर्क और सोशल मीडिया के व्यापक इस्तेमाल के जरिए विरोध का नया तरीका भी सामने रखा। हालांकि आंदोलन के अंतिम दिनों में सामने आए कुछ विवादित ऑनलाइन पोस्ट और घटनाओं ने कानून-व्यवस्था और सोशल मीडिया के जिम्मेदार उपयोग को लेकर नई बहस भी छेड़ दी।