VIP ट्रीटमेंट विवाद पर भड़कीं दीपिका सिंह, बोलीं- व्यूज के लिए भक्तों की भावनाओं से खिलवाड़ न करें
टीवी अभिनेत्री दीपिका सिंह ने वृंदावन मंदिर में VIP ट्रीटमेंट मिलने के आरोपों पर सोशल मीडिया के जरिए सफाई दी है। हाल ही में परिवार के साथ वृंदावन दर्शन के दौरान वायरल हुए वीडियो पर उठे विवाद के बीच उन्होंने इंस्टाग्राम पर नया वीडियो साझा करते हुए कहा कि बिना पूरी सच्चाई जाने किसी पर आरोप लगाना गलत है। दीपिका ने एक इन्फ्लुएंसर को टैग करते हुए आरोप लगाया कि व्यूज और फॉलोअर्स बढ़ाने के लिए मामले को गलत तरीके से पेश किया गया। उन्होंने कहा कि मंदिर में उन्हें और उनके बच्चों को जो सम्मान मिला, वह प्रेम और आशीर्वाद का प्रतीक था, न कि किसी विशेष सुविधा का।
दीपिका ने अपने वीडियो में दिखाया कि जिस बुजुर्ग महिला की अनदेखी का दावा किया गया था, उन्हें भी पुजारी द्वारा प्रसाद दिया गया। उन्होंने लोगों से भक्तों की भावनाओं का सम्मान करने और अधूरी जानकारी के आधार पर किसी को ट्रोल न करने की अपील की। अभिनेत्री ने कहा कि सोशल मीडिया पर गलत संदेश फैलाने से लोगों की आस्था प्रभावित हो सकती है और केवल व्यूज के लिए ऐसी सामग्री साझा करना उचित नहीं है।