Patrakar Priyanshi Chaturvedi
संसद के मानसून सत्र में नीट पेपर लीक मामले को लेकर गतिरोध लगातार बढ़ता जा रहा है। लोकसभा में हंगामे के बीच संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि सरकार हर विषय पर चर्चा के लिए पूरी तरह तैयार है, इसलिए विपक्ष को सदन चलने देना चाहिए। उन्होंने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से अपने सांसदों को समझाने की अपील की। इसके जवाब में राहुल गांधी ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें सदन में बोलने का मौका नहीं दिया जा रहा है और उनका माइक बंद कर दिया जाता है। विपक्षी सांसदों ने सदन के भीतर 'इस्तीफा-इस्तीफा' के नारे लगाए और प्रधानमंत्री से माफी तथा शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के तुरंत इस्तीफे की मांग की, जिसके बाद भारी हंगामे के चलते लोकसभा की कार्रवाई 27 जुलाई तक के लिए स्थगित कर दी गई।
दूसरी तरफ, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला बोलते हुए कहा कि उन्हें आधी रात को वीडियो संदेश जारी करने के बजाय संसद के पटल पर आकर अपनी बात रखनी चाहिए, तभी उस पर भरोसा किया जा सकता है। इस बीच, केंद्र सरकार ने सख्त तेवर दिखाते हुए भाजपा और एनडीए सांसदों के लिए व्हिप जारी कर शुक्रवार को सदन में उपस्थित रहने का निर्देश दिया है। दोपहर में संसद भवन में कैबिनेट की महत्वपूर्ण बैठक बुलाई गई है, जिसमें प्रधानमंत्री द्वारा घोषित पेपर लीक विरोधी सख्त कानून के प्रस्ताव और फास्ट-ट्रैक कोर्ट के मसौदे पर अंतिम मुहर लगाई जा सकती है।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.
Created By:
Medha Innovation & Development |