राम कपूर विवाद पर पत्नी गौतमी का जवाब, बोलीं- 'एडिटेड शो देखकर चरित्र पर फैसला न करें'
नेटफ्लिक्स के रियलिटी शो 'लॉकअप- सच या सजा' में कंटेस्टेंट श्रेया कालरा द्वारा अभिनेता राम कपूर पर जबरन किस कर असहज महसूस कराने के आरोपों के बीच अब उनकी पत्नी और अभिनेत्री गौतमी कपूर ने चुप्पी तोड़ी है। सोशल मीडिया पर जारी वीडियो में गौतमी ने कहा कि किसी भी रियलिटी शो के एडिटेड एपिसोड देखकर किसी व्यक्ति के चरित्र पर निष्कर्ष नहीं निकालना चाहिए। उन्होंने कहा कि राम कपूर स्वभाव से बेहद स्नेही और भावुक इंसान हैं तथा उन्होंने किसी गलत मंशा से ऐसा व्यवहार नहीं किया।
गौतमी कपूर ने यह भी सवाल उठाया कि यदि राम का व्यवहार शुरुआत से ही आपत्तिजनक था तो इस मुद्दे को पहले क्यों नहीं उठाया गया। उन्होंने कहा कि रियलिटी शो का पूरा सच दर्शकों तक नहीं पहुंचता क्योंकि कई हिस्से एडिट कर दिए जाते हैं। साथ ही उन्होंने सोशल मीडिया पर हो रही आलोचनाओं का असर पूरे परिवार पर पड़ने की बात कहते हुए लोगों से बिना पूरी जानकारी के किसी को दोषी न ठहराने और संयम बरतने की अपील की।