केजरीवाल का पूर्व सरकारी बंगला बनेगा कमाई का जरिया, लग्जरी हॉस्पिटैलिटी मॉडल पर विचार
दिल्ली के सिविल लाइंस स्थित 6 फ्लैग स्टाफ रोड पर पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का सरकारी आवास एक बार फिर चर्चा में है। इस बार वजह राजनीतिक विवाद नहीं, बल्कि इसे आय का स्रोत बनाने की योजना है। लोक निर्माण विभाग (PWD) इस हाई-प्रोफाइल संपत्ति को किसी पेशेवर हॉस्पिटैलिटी कंपनी के माध्यम से संचालित करने पर विचार कर रहा है। प्रस्ताव के तहत सरकारी बैठकों और आयोजनों के अलावा खाली समय में इस परिसर का व्यावसायिक उपयोग कर राजस्व अर्जित किया जा सकता है।
यह वही बंगला है, जो नवीनीकरण पर हुए खर्च को लेकर लंबे समय तक विवादों में रहा था। अब सरकार का कहना है कि इतनी बड़ी संपत्ति के रखरखाव पर होने वाले खर्च को कम करने और बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने के लिए नए मॉडल पर काम किया जा रहा है। PWD के अनुसार, यदि योजना को मंजूरी मिलती है तो यह परिसर भविष्य में सरकारी उपयोग के साथ-साथ एक व्यावसायिक हॉस्पिटैलिटी मॉडल के रूप में भी विकसित किया जा सकता है।