देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को पीएम मोदी ने दिखाई हरी झंडी, भारत बना दुनिया का पांचवां देश
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरियाणा के जींद रेलवे स्टेशन से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। 'हाइड्रोजन फॉर हेरिटेज' परियोजना के तहत शुरू की गई यह ट्रेन जींद और सोनीपत के बीच चलेगी, जिसका किराया 5 से 26 रुपये तक रखा गया है। हाइड्रोजन ईंधन से संचालित होने के कारण यह ट्रेन शून्य प्रदूषण उत्सर्जित करेगी और स्वच्छ ऊर्जा आधारित रेल परिवहन को बढ़ावा देगी। इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने 26 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण भी किया।
इस पहल के साथ भारत जर्मनी, जापान, चीन और अमेरिका के बाद हाइड्रोजन ट्रेन तकनीक अपनाने वाले चुनिंदा देशों में शामिल हो गया है। इस पायलट परियोजना के लिए जींद में स्वदेशी हाइड्रोजन स्टोरेज और रीफ्यूलिंग सुविधा विकसित की गई है। भारतीय रेल का कहना है कि यह परियोजना ऊर्जा दक्षता, हरित परिवहन और नेट-जीरो कार्बन उत्सर्जन के लक्ष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।