बांकीपुर उपचुनाव: BJP का 'ऑपरेशन सेंध' तेज, जन सुराज के कई नेता पार्टी में शामिल
बिहार की बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव से पहले राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। सीट को हर हाल में जीतने के लक्ष्य के साथ बीजेपी ने जन सुराज के नेताओं को अपने पाले में लाने की रणनीति पर तेजी से काम शुरू कर दिया है। इसी क्रम में जन सुराज के पूर्व प्रत्याशी प्रो. डॉ. के.सी. सिन्हा, रितेश रंजन सिंह उर्फ बिट्टू सिंह और संदीप कुमार सिंह उर्फ गोपाल सिंह भाजपा में शामिल हो गए हैं। राजनीतिक सूत्रों के मुताबिक, फिल्म निर्माता चेतना झांब और फतुहा की प्रखंड प्रमुख श्रुति श्री के भी भाजपा में शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।
इधर, उपचुनाव से पहले प्रशांत किशोर के खिलाफ पोस्टर वार भी शुरू हो गया है। शहर में लगे कुछ पोस्टरों में उनके खिलाफ राजनीतिक संदेश दिए गए हैं और 'जन सुराज' की जगह 'धन सुराज' जैसे नारे लिखे गए हैं। हालांकि इन पोस्टरों को किसने लगाया, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। वहीं, जन सुराज की ओर से भी इस मामले पर अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।