पंजाब कांग्रेस में नेतृत्व बदलाव पर सस्पेंस, भूपेश बघेल ने टाला जवाब
पंजाब कांग्रेस में जारी अंदरूनी खींचतान के बीच प्रदेश प्रभारी और छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने दिल्ली में कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल से मुलाकात कर अपनी रिपोर्ट सौंप दी। बैठक में पंजाब विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा भी मौजूद रहे। बघेल ने बताया कि उन्होंने छह दिन के पंजाब दौरे के दौरान पार्टी नेताओं से अलग-अलग मुलाकात कर संगठन की स्थिति का आकलन किया और उसकी रिपोर्ट आलाकमान को सौंप दी है।
पंजाब कांग्रेस में नेतृत्व परिवर्तन की अटकलों पर भूपेश बघेल ने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया। उन्होंने कहा कि रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं की जा सकती और यह कोई "बच्चों का खेल" नहीं है। इससे पहले भी बघेल नेतृत्व परिवर्तन की चर्चाओं को खारिज कर चुके हैं। ऐसे में फिलहाल पंजाब कांग्रेस में नेतृत्व बदलाव को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है।