वीर सावरकर को भारत रत्न में देरी पर भाजपा विधायक ने अपनी ही सरकार पर उठाए सवाल
महाराष्ट्र विधानसभा के मानसून सत्र के अंतिम दिन भाजपा के वरिष्ठ विधायक सुधीर मुनगंटीवार ने वीर सावरकर को मरणोपरांत भारत रत्न देने के प्रस्ताव पर कार्रवाई में हो रही देरी को लेकर अपनी ही सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि यदि सरकार की विचारधारा बदल गई है तो वह भविष्य में यह मुद्दा नहीं उठाएंगे, लेकिन सरकार के काम उसकी घोषित विचारधारा से मेल नहीं खाते। मुनगंटीवार ने याद दिलाया कि मार्च में इस संबंध में प्रस्ताव लाने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन चार महीने बाद भी उस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।
सदन में मुनगंटीवार ने कहा कि वीर सावरकर ने स्वतंत्रता संग्राम के दौरान कठोर यातनाएं झेलीं और अब उन्हें भारत रत्न देने में हो रही देरी उचित नहीं है। उन्होंने सरकार से इस मुद्दे पर स्पष्ट रुख अपनाने की मांग की। इस पर विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर ने बताया कि प्रस्ताव को अगले विधानसभा सत्र में मंत्रणा समिति (BAC) के समक्ष विचार के लिए रखा जाएगा।