Patrakar Priyanshi Chaturvedi
इंदौर भाजपा में पिछड़ा वर्ग मोर्चा के नगर अध्यक्ष पद पर निखिल सोनी की नियुक्ति ने राजनीतिक हलकों में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है। प्रदेश अध्यक्ष पवन पाटीदार द्वारा घोषित सूची में निखिल सोनी का नाम सामने आने से कई दावेदार हैरान रह गए, क्योंकि विजय बिंजवा को इस पद का सबसे मजबूत उम्मीदवार माना जा रहा था। बताया जा रहा है कि अंतिम समय में संगठन के भीतर हुई चर्चा और क्षेत्रीय संतुलन को ध्यान में रखते हुए समीकरण बदले और नगर भाजपा अध्यक्ष सुमित मिश्रा तथा पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय की सहमति से निखिल सोनी के नाम पर मुहर लगी।
सूत्रों के अनुसार, विजय बिंजवा के नाम पर संगठन के भीतर विरोध की आवाजें उठने लगी थीं। वहीं, एक नंबर विधानसभा क्षेत्र में पिछड़ा वर्ग की अधिक आबादी और निखिल सोनी की सक्रिय कार्यकर्ता टीम को भी नियुक्ति का प्रमुख आधार माना गया। दिलचस्प बात यह रही कि सोनी का नाम पैनल में आठवें स्थान पर था, जबकि अन्य दावेदार खुद को मजबूत स्थिति में मान रहे थे। हाल ही में आयोजित भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलन में दावेदारों की संगठनात्मक क्षमता और कार्यकर्ताओं की भागीदारी का भी आकलन किया गया, जिसके बाद अंतिम निर्णय में निखिल सोनी को जिम्मेदारी सौंप दी गई।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.
Created By:
Medha Innovation & Development |