डोनाल्ड ट्रंप का ईरान पर तीखा हमला, बोले- अब कोई डील नहीं, बातचीत में समय बर्बाद
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए कहा है कि अब तेहरान के साथ किसी भी नए समझौते की कोई संभावना नहीं है। नाटो सम्मेलन के दौरान पत्रकारों से बातचीत में ट्रंप ने दावा किया कि ईरान ने होर्मुज क्षेत्र में जहाजों को निशाना बनाकर युद्धविराम का उल्लंघन किया है। उन्होंने ईरानी नेताओं को "बीमार मानसिकता वाले लोग" बताते हुए कहा कि अमेरिका अब उनके साथ बातचीत में समय बर्बाद नहीं करेगा और कड़े कदम उठाने की जरूरत है।
ट्रंप का यह बयान ऐसे समय आया है, जब ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने बहरीन और कुवैत में अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर हमले का दावा किया है। ईरान ने इन हमलों को अमेरिका की सैन्य कार्रवाई का जवाब बताया है। इन घटनाओं के बाद खाड़ी क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया है तथा क्षेत्रीय सुरक्षा को लेकर चिंताएं फिर से गहरा गई हैं।