Patrakar Priyanshi Chaturvedi
मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में अडानी समूह ₹2500 करोड़ की लागत से डिफेंस एंड एयरोस्पेस मैन्युफैक्चरिंग यूनिट स्थापित करेगा। कोलारस के पास पाली में बनने वाला यह प्लांट अगले तीन वर्षों में तैयार होगा। शिलान्यास कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि इस परियोजना से शिवपुरी देश के रक्षा उत्पादन मानचित्र पर नई पहचान बनाएगा और हजारों युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा होंगे। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया भी मौजूद रहे, जिन्होंने कहा कि भविष्य में देश की सुरक्षा के लिए आवश्यक हथियार, मिसाइल और गोला-बारूद इसी क्षेत्र से तैयार होकर सीमाओं तक पहुंचेंगे।
कार्यक्रम के दौरान सिंधिया ने क्षेत्र के विकास से जुड़ी कई मांगें मुख्यमंत्री के सामने रखीं, जिन्हें डॉ. मोहन यादव ने तत्काल मंजूरी देने की घोषणा की। इनमें 108 फीट ऊंची शिव प्रतिमा, सर्कुलर रोड, मेडिकल कॉलेज में सुपर स्पेशियलिटी सुविधाएं, सीटी स्कैन और नए कॉलेज शामिल हैं। साथ ही सुभाषपुरा को नई तहसील, कोलारस के खतौरा में सांदीपनि स्कूल और पिछोर में अस्पताल की भी घोषणा की गई। अडानी समूह के निदेशक जीत अडानी ने बताया कि समूह मध्य प्रदेश में विभिन्न क्षेत्रों में बड़े निवेश के साथ रोजगार सृजन पर काम कर रहा है और राज्य में बड़ी संख्या में युवाओं को रोजगार देने का लक्ष्य रखा गया है।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.
Created By:
Medha Innovation & Development |