सहकारिता मंत्रालय के 5 साल पूरे, अमित शाह ने लॉन्च की कई नई परियोजनाएं
Ministry , Cooperation completes 5 years; Amit Shah, new projects.

सहकारिता मंत्रालय के स्थापना के पांच वर्ष पूरे होने के अवसर पर केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कई नई योजनाओं और परियोजनाओं की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने सहकारी क्षेत्र के लिए नई जीवन बीमा कंपनी स्थापित करने की घोषणा की। शाह ने कहा कि इससे सहकारी संस्थाओं से जुड़े करोड़ों सदस्यों को वित्तीय सुरक्षा का नया विकल्प मिलेगा। साथ ही 'भारत टैक्सी' योजना का अगले दो वर्षों में 500 शहरों तक विस्तार करने की भी घोषणा की गई। उन्होंने कहा कि सहकारिता विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को हासिल करने का महत्वपूर्ण आधार बनेगी।

कार्यक्रम में डिजिटल सहकारिता को बढ़ावा देने के लिए 50 हजार प्राथमिक कृषि सहकारी समितियों (PACS) को e-PACS में बदलने की पहल का भी उल्लेख किया गया। इसके अलावा 75 हजार टन क्षमता वाले 135 गोदामों का हस्तांतरण, 85 नए गोदामों का उद्घाटन और 47 नए अनाज भंडारण गोदामों का शिलान्यास किया गया। अमूल और एनसीसीएफ की ओर से 'सहकार वन' परियोजना शुरू की गई, जबकि उत्तर प्रदेश के बाराबंकी और महाराष्ट्र के जलगांव में टिश्यू कल्चर सुविधाओं की आधारशिला रखी गई। भारतीय बीज सहकारी समिति (BBSSL) और भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) के बीच बीज प्रणाली को मजबूत करने के लिए एक समझौता भी किया गया।

अमित शाह ने बताया कि गुजरात के आनंद में त्रिभुवन सहकारी विश्वविद्यालय की स्थापना की जा रही है, जिसका उद्देश्य सहकारी संस्थाओं के लिए प्रशिक्षित मानव संसाधन तैयार करना और पेशेवर प्रबंधन को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि देश के लगभग 30 करोड़ सहकारी सदस्यों और 8.50 लाख से अधिक सहकारी संस्थाओं का वर्षों पुराना सपना पांच वर्ष पहले सहकारिता मंत्रालय के गठन के साथ पूरा हुआ था और अब यह क्षेत्र देश के आर्थिक एवं ग्रामीण विकास में और अधिक महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Priyanshi Chaturvedi 6 July 2026

Comments

Be First To Comment....

Video
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.