देशभर में मौसम का कहर: जम्मू-कश्मीर में बादल फटा, अरुणाचल में बाढ़
Weather havoc,  country: Cloudburst ,  Jammu & Kashmir

देश के कई राज्यों में भारी बारिश और खराब मौसम का असर देखने को मिल रहा है। जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में बुधवार सुबह दो बार बादल फटने से भलेसा के कलालगीसर क्षेत्र में अचानक बाढ़ आ गई। मलबा सड़कों पर आने से कई मार्ग बंद हो गए। वहीं, अरुणाचल प्रदेश में बाढ़ और भूस्खलन से जनजीवन प्रभावित है। राज्य के 28 जिलों में 90 हजार से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं और विभिन्न घटनाओं में अब तक चार लोगों की मौत की सूचना है।

मध्य प्रदेश और बिहार में आकाशीय बिजली गिरने की घटनाओं में कुल आठ लोगों की जान चली गई। मध्य प्रदेश के हरदा और खरगोन में तीन लोगों की मौत हुई, जबकि बैतूल में एक ही परिवार के चार सदस्य झुलस गए। वहीं बिहार में बिजली गिरने से पांच लोगों की मौत हुई। उत्तर प्रदेश के सोनभद्र में बरसाती नाले में बहने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उत्तराखंड में लगातार बारिश के कारण नदियों का जलस्तर बढ़ने पर ऋषिकेश में 31 अगस्त तक राफ्टिंग पर रोक लगा दी गई है।

मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून अब तक देश के 26 राज्यों में पहुंच चुका है और अगले दो से तीन दिनों में दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान तथा पूरे जम्मू-कश्मीर को भी कवर कर सकता है। हालांकि, भारतीय मौसम विभाग (IMD) का अनुमान है कि जुलाई में देश के अधिकांश हिस्सों में सामान्य से कम बारिश हो सकती है। विभाग के आंकड़ों के अनुसार जून महीने में सामान्य से लगभग 39.8 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई, जो वर्ष 1901 के बाद जून माह की सबसे कम वर्षाओं में से एक है।

 
Priyanshi Chaturvedi 1 July 2026

Comments

Be First To Comment....

Video
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.