‘अल्फा’ के लिए आलिया-शरवरी ने बहाया पसीना, बिना AC के घंटों की एक्शन ट्रेनिंग
बॉलीवुड अभिनेत्री आलिया भट्ट और शरवरी वाघ अपनी आगामी फिल्म ‘अल्फा’ के प्रमोशन में जुटी हैं। इस दौरान उन्होंने फिल्म की तैयारी और एक्शन सीक्वेंस को लेकर कई दिलचस्प बातें साझा कीं। आलिया ने बताया कि फिल्म के लिए लगभग छह महीने तक विशेष एक्शन ट्रेनिंग ली गई। शूटिंग और रिहर्सल के दौरान ट्रेनर्स जानबूझकर एसी बंद कर देते थे, ताकि शरीर गर्म रहे और चोट लगने का खतरा कम हो। उन्होंने कहा कि कई बार लगातार तीन घंटे तक बिना एसी के ट्रेनिंग और शूटिंग करनी पड़ती थी, लेकिन पूरी टीम सुरक्षा को लेकर बेहद सतर्क रहती थी।
आलिया ने बताया कि फिल्म के एक्शन दृश्यों में निर्देशक चाहते थे कि कैमरा कलाकारों के बेहद करीब रहे, ताकि स्टंट के साथ चेहरे के भाव भी दर्शकों तक प्रभावी ढंग से पहुंच सकें। उन्होंने कहा कि मुश्किल स्टंट से पहले पूरी तैयारी कराई जाती थी और पूरी टीम का सहयोग मिलने से डर कम और उत्साह ज्यादा महसूस होता था। वहीं शरवरी वाघ ने बताया कि लंबे शूटिंग शेड्यूल के दौरान दोनों के बीच अच्छी दोस्ती हो गई और उनकी कई पसंद-नापसंद भी एक जैसी हो गईं।
जयपुर दौरे के दौरान दोनों अभिनेत्रियों ने कहा कि फिल्म से जुड़ी कई अहम बातें जानबूझकर गोपनीय रखी गई हैं, ताकि दर्शकों को सिनेमाघर में नया और रोमांचक अनुभव मिल सके। आलिया ने कहा कि दर्शक फिल्म को बड़े पर्दे पर शानदार साउंड और विजुअल इफेक्ट्स के साथ देखें, यही उनकी पूरी टीम की कोशिश है। उन्होंने अभिनेता Bobby Deol की भी तारीफ करते हुए उन्हें "जेंटल जाइंट" बताया। फिल्म ‘अल्फा’ 3 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।