जनरल उपेंद्र द्विवेदी सेवानिवृत्त, आज जनरल धीरज सेठ संभालेंगे भारतीय सेना की कमान
भारतीय सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी मंगलवार को अपने पद से सेवानिवृत्त हो गए। सेवानिवृत्ति से पहले उन्होंने नई दिल्ली स्थित नेशनल वॉर मेमोरियल पहुंचकर शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उनके उत्तराधिकारी के रूप में जनरल धीरज सेठ आज भारतीय सेना के 31वें प्रमुख (चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ) का कार्यभार संभालेंगे। करीब चार दशक के सैन्य अनुभव वाले जनरल सेठ ने दिसंबर 1986 में भारतीय सेना में सेवा शुरू की थी।
सेवानिवृत्ति के अवसर पर जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि जनरल धीरज सेठ के नेतृत्व में भारतीय सेना अपनी गौरवशाली परंपराओं को आगे बढ़ाते हुए नई उपलब्धियां हासिल करेगी। उन्होंने कहा कि पिछले दो वर्षों में सेना ने उत्तरी सीमाओं पर ऑपरेशन स्नो लेपर्ड और पश्चिमी मोर्चे पर ऑपरेशन सिंदूर जैसे अभियानों के दौरान पूरी सतर्कता और संतुलन के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभाईं। साथ ही तीनों सेनाओं के बीच बेहतर समन्वय और संयुक्त कार्यशैली को भी उन्होंने बड़ी उपलब्धि बताया।
जनरल धीरज सेठ सैन्य परंपरा वाले परिवार से आते हैं। उनके पिता लेफ्टिनेंट जनरल कृष्ण मोहन सेठ भारतीय सेना में एडजुटेंट जनरल रह चुके हैं और 1997 में सेवानिवृत्त हुए थे। उन्होंने सेना की XXI स्ट्राइक कोर और III कोर जैसी महत्वपूर्ण सैन्य इकाइयों का नेतृत्व किया था। जनरल धीरज सेठ को सैन्य सेवा के साथ-साथ टेनिस और गोल्फ का भी शौक है।