पश्चिम बंगाल के हल्दिया में नेफ्था पाइपलाइन में धमाके के बाद आग, 15 लोग झुलसे
पश्चिम बंगाल के हल्दिया में सोमवार देर रात नेफ्था सप्लाई करने वाली पाइपलाइन में धमाके के बाद भीषण आग लग गई। आग हल्दिया नगर पालिका के वार्ड-13 स्थित चिरंजीबपुर इलाके तक फैल गई, जिससे कई घर इसकी चपेट में आ गए। हादसे में 15 लोग झुलस गए, जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों का इलाज हल्दिया सब-डिविजनल अस्पताल और तमलुक मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। आग पर काबू पाने के लिए 12 से अधिक दमकल गाड़ियां मौके पर तैनात हैं।
आग की वजह से पास से गुजरने वाली रेलवे लाइन और ओवरहेड बिजली उपकरण भी प्रभावित हुए, जिसके चलते रेल यातायात अस्थायी रूप से रोक दिया गया। पुलिस ने पूरे इलाके को घेर लिया है और आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि पाइपलाइन में विस्फोट कैसे हुआ।
हादसे पर हल्दिया पेट्रोकेमिकल्स ने बयान जारी कर कहा कि कंपनी प्रशासन और प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध करा रही है। शुरुआती जानकारी के अनुसार घटना पाइपलाइन से नेफ्था चोरी की आशंका वाले क्षेत्र के आसपास हुई हो सकती है, हालांकि वास्तविक कारणों की जांच जारी है। कंपनी ने बताया कि नेफ्था अत्यधिक ज्वलनशील पेट्रोलियम उत्पाद है और इसके अवैध उपयोग या छेड़छाड़ से गंभीर हादसे हो सकते हैं।