किसानों के समर्थन में NH-44 पर प्रदर्शन, कई मार्गों पर यातायात प्रभावित
Protest , support ,farmers ,NH-44, traffic, affected, several routes

मध्य प्रदेश में किसानों की समस्याओं को लेकर कांग्रेस ने गुरुवार, 7 मई 2026 को राज्यव्यापी चक्का जाम आंदोलन शुरू किया। ग्वालियर, इंदौर, मुरैना सहित कई जिलों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और किसान संगठनों ने राष्ट्रीय राजमार्गों पर प्रदर्शन करते हुए यातायात बाधित किया। ग्वालियर-मुरैना सीमा स्थित निरावली तिराहे और NH-44 पर कार्यकर्ताओं ने हाईवे घेरकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। आंदोलन के चलते कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया और पुलिस प्रशासन को अतिरिक्त व्यवस्था करनी पड़ी।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने राज्य सरकार पर किसानों के साथ वादाखिलाफी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि बीजेपी ने चुनाव के दौरान किसानों को गेहूं का समर्थन मूल्य 2700 रुपये प्रति क्विंटल देने का वादा किया था, लेकिन किसानों को फिलहाल 2625 रुपये प्रति क्विंटल ही मिल रहा है। कांग्रेस ने सरकार पर गेहूं और धान की पर्याप्त खरीद न करने, खाद की कमी और कृषि उपकरणों की समस्याओं की अनदेखी करने का भी आरोप लगाया। पटवारी ने चेतावनी दी कि यदि किसानों की मांगें नहीं मानी गईं तो कांग्रेस सड़कों से लेकर जेल तक संघर्ष जारी रखेगी।

इंदौर में मेडिकैप्स कॉलेज चौराहे पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ट्रैक्टर खड़े कर नेशनल हाईवे जाम किया, जिससे ट्रकों और अन्य वाहनों की लंबी कतार लग गई। वहीं मुरैना में NH-44 पर सात अलग-अलग स्थानों पर प्रदर्शन की तैयारी की गई। हालात को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव जसबीर गुज्जर ने कहा कि किसानों की समस्याओं को लेकर पार्टी का आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।

Priyanshi Chaturvedi 7 May 2026

Comments

Be First To Comment....

Video
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.