Patrakar Priyanshi Chaturvedi
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में आज हनुमान जन्मोत्सव की धूम है। शहर में विभिन्न हनुमान मंदिरों पर श्रद्धालुओं की भीड़ लगी हुई है, वहीं कई स्थानों पर भंडारे और धार्मिक कार्यक्रम चल रहे हैं। इस अवसर पर शहर के अलग-अलग हिस्सों से दो जुलूस निकाले जा रहे हैं, जिन्हें देखते हुए भोपाल ट्रैफिक पुलिस ने विशेष ट्रैफिक डायवर्जन प्लान जारी किया है। खासकर पुराने शहर में शाम 4 बजे से यातायात प्रभावित होने की संभावना है।
दो प्रमुख जुलूसों के मार्ग तय किए गए हैं। पहला जुलूस तलैया इलाके से निकलकर बुधवारा चौराहा, इतवारा, आजाद मार्केट, घोड़ा नक्कास, बस स्टैंड और हमीदिया रोड होते हुए भोपाल टॉकीज के रास्ते सिंधी कॉलोनी तक जाएगा। दूसरा जुलूस ओम अग्रवाल धर्मशाला के विश्व हिंदू परिषद कार्यालय से शुरू होकर छोला रोड, गणेश मंदिर, जेपी नगर तिराहा, डीआईजी बंगला चौराहा, काजी कैंप होते हुए सिंधी कॉलोनी चौराहे पर पहुंचेगा।
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे लालघाटी और वीआईपी रोड जैसे वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें, ताकि जाम में फंसने से बचा जा सके। इसके अलावा हलालपुर बस स्टैंड से चलने वाली बसें नादरा बस स्टैंड तक नहीं जाएंगी और विदिशा-बैरासिया मार्ग की बसें बेस्ट प्राइस तक सीमित रहेंगी। शहर से बाहर जाने वाले यात्रियों को वैकल्पिक संसाधनों से यात्रा करनी होगी।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.
Created By:
Medha Innovation & Development |