दिल्ली के पालम के साध नगर में भीषण आग
साध नगर में बुधवार सुबह एक बहुमंजिला इमारत में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, आग की शुरुआत ग्राउंड फ्लोर पर स्थित कॉस्मेटिक की दुकान से हुई और देखते ही देखते लपटें ऊपरी मंजिलों तक फैल गईं। इमारत में धुआं भर जाने के कारण कई लोग अंदर फंस गए और बाहर निकलने में असमर्थ रहे, जबकि कुछ लोगों ने जान बचाने के लिए इमारत से छलांग लगा दी।
घटना की सूचना मिलते ही दिल्ली फायर सर्विस की करीब 30 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। दमकलकर्मियों ने सात घायलों (जिनमें तीन बच्चे शामिल हैं) को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, इस हादसे में छह लोगों की मौत हो गई है, जबकि आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस दुखद घटना पर शोक व्यक्त करते हुए मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन, पुलिस और दमकल विभाग मिलकर राहत कार्य में जुटे हैं और फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने का प्रयास जारी है। मुख्यमंत्री ने मृतकों के प्रति संवेदना व्यक्त की और सभी के सुरक्षित रहने की कामना की।