Patrakar Priyanshi Chaturvedi
हरियाणा के समालखा में 13 से 15 मार्च तक राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा की तीन दिवसीय वार्षिक बैठक आयोजित की जा रही है। संघ के शताब्दी वर्ष के दौरान हो रही इस अहम बैठक में बीते कार्यक्रमों की समीक्षा और आने वाली योजनाओं पर विस्तार से चर्चा होगी। बैठक की शुरुआत शुक्रवार सुबह सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत और सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले की मौजूदगी में होगी, जिसमें देशभर से लगभग 1487 प्रतिनिधि भाग लेंगे।
संघ के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर के अनुसार बैठक में संघ के शीर्ष पदाधिकारियों के साथ-साथ संघ से प्रेरित 32 संगठनों के प्रतिनिधि भी शामिल होंगे। इनमें भारतीय मजदूर संघ, विश्व हिंदू परिषद, भारतीय जनता पार्टी, राष्ट्रीय सेविका समिति, लघु उद्योग भारती और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद जैसे संगठन शामिल हैं। तीन दिनों तक चलने वाले विभिन्न सत्रों में संघ के कार्यों की समीक्षा के साथ वर्तमान सामाजिक चुनौतियों और संगठन की भूमिका पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।
बैठक में संगठनात्मक ढांचे में बदलाव पर भी चर्चा होने की संभावना है। सूत्रों के मुताबिक बेहतर समन्वय के लिए प्रांत व्यवस्था की जगह संभाग और राज्य प्रचारक प्रणाली लागू करने पर विचार किया जा सकता है। वर्तमान में संघ के 45 प्रांत और 11 क्षेत्र हैं, जिन्हें पुनर्गठित कर क्षेत्रों की संख्या कम करने और नई प्रशासनिक व्यवस्था लागू करने की योजना पर मंथन हो सकता है।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.
Created By:
Medha Innovation & Development |