भोजपुरी सिंगर निशा उपाध्याय मंच पर गुस्से में चप्पल लेकर एंकर पर टूट पड़ी
भोजपुरी सिंगर निशा उपाध्याय का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में वे लाइव स्टेज शो के दौरान अचानक गुस्से में एंकर की ओर बढ़ती हुई हाथ में चप्पल लिए नजर आ रही हैं। मंच पर मौजूद उनकी टीम और आसपास खड़े लोग बीच-बचाव करते हुए स्थिति को संभालते दिख रहे हैं। घटना बिहार के सीवान में हुई, जहां कार्यक्रम के दौरान एंकर ने उनके ‘परफॉर्मेंस रेट’ का जिक्र किया, जिससे विवाद बढ़ गया।
वायरल वीडियो में निशा नीली साड़ी पहने एंकर से सवाल करती नजर आ रही हैं, “रेट बता रहा है, ये रेट बताएगा मेरा। माइक दीजिए, इसका रेट हम बताएं। इसे मारेंगे हम। रेट बताने वाला कौन होता है ये?” इस दौरान एंकर खुद को बचाने की कोशिश करता दिखा। कार्यक्रम स्थल पर अफरातफरी मच गई, हालांकि कुछ ही समय में स्थिति को नियंत्रित किया गया।
सूत्रों के अनुसार निशा पहले भी 2023 में एक लाइव कार्यक्रम के दौरान हवाई फायरिंग की घटना के बाद चर्चा में आई थीं। सोशल मीडिया पर उनकी बड़ी फैन फॉलोइंग है, और इस हालिया घटना ने उनके फैंस और दर्शकों के बीच हलचल मचा दी है। आयोजकों की ओर से इस मामले में अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।