Patrakar Priyanshi Chaturvedi
नई दिल्ली। सुपरस्टार शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान को शुक्रवार को उनके करियर का पहला अवॉर्ड मिला। उन्हें अपनी पहली निर्देशित वेब सीरीज द बैड्स ऑफ बॉलीवुड के लिए ‘बेस्ट डेब्यू डायरेक्टर ऑफ द ईयर’ का सम्मान दिया गया। यह अवॉर्ड नई दिल्ली में आयोजित एनडीटीवी इंडियन ऑफ द ईयर इवेंट में मिला। खास बात यह रही कि आर्यन ने यह अवॉर्ड अपने पिता नहीं, बल्कि अपनी मां गौरी खान को डेडिकेट किया।
अवॉर्ड लेते समय आर्यन ने अपनी स्पीच में वेब सीरीज की पूरी कास्ट, क्रू और नेटफ्लिक्स का आभार जताया, जिन्होंने एक नए निर्देशक पर भरोसा किया। उन्होंने कहा, “यह मेरा पहला अवॉर्ड है और मुझे उम्मीद है कि आगे भी मुझे कई अवॉर्ड मिलेंगे, क्योंकि मेरे डैड की तरह मुझे भी अवॉर्ड पसंद हैं। लेकिन यह अवॉर्ड उनके लिए नहीं, मेरी मां के लिए है।” आर्यन ने मजाकिया अंदाज में बताया कि उनकी मां उन्हें हमेशा जल्दी सोने, किसी का मजाक न उड़ाने और गाली-गलौज से दूर रहने की सलाह देती हैं, और आज इन्हीं बातों की वजह से उन्हें यह सम्मान मिला है।
आर्यन खान ने 18 सितंबर को रिलीज हुई वेब सीरीज द बैड्स ऑफ बॉलीवुड के जरिए डायरेक्टर के तौर पर इंडस्ट्री में कदम रखा था। यह सीरीज हिंदी फिल्म इंडस्ट्री पर आधारित एक सटायर है, जिसे दर्शकों से अच्छी प्रतिक्रिया मिली है। अवॉर्ड समारोह में उनके साथ उनकी नानी सविता छिब्बर भी मौजूद थीं, जिन्होंने इस खास पल को उनके साथ साझा किया।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.
Created By:
Medha Innovation & Development |