राज्यसभा उपचुनाव में हरदीप पुरी को चुनौती देंगे राजकुमार लोहानी
   Rajkumar Lohani will challenge Hardeep Puri in the Rajya Sabha by-election.

मध्यप्रदेश में राज्यसभा उपचुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। भाजपा की ओर से केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी को उम्मीदवार बनाए जाने के बाद अब कांग्रेस ने निर्दलीय प्रत्याशी राजकुमार लोहानी को समर्थन दे दिया है। भोपाल के सामाजिक कार्यकर्ता लोहानी ने सोमवार को विधानसभा पहुंचकर अपना नामांकन दाखिल किया। इस दौरान कांग्रेस विधायक हेमंत कटारे और भोपाल उत्तर से विधायक आतिफ अकील भी मौजूद रहे। वर्ष 1959 में भोपाल में जन्मे राजकुमार लोहानी हायर सेकंडरी तक शिक्षित हैं और लंबे समय से सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय बताए जाते हैं।

मध्यप्रदेश की राज्यसभा की यह सीट केंद्रीय मंत्री एल. मुरुगन के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी। मुरुगन ने केंद्रीय मंत्री पद के साथ राज्यसभा सदस्यता से भी इस्तीफा दे दिया था, जबकि उनका कार्यकाल अप्रैल 2030 तक था। इसके बाद भाजपा ने इस सीट से केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी को उम्मीदवार बनाया है। अब कांग्रेस समर्थित निर्दलीय प्रत्याशी राजकुमार लोहानी के मैदान में उतरने से मुकाबला चर्चा में आ गया है। इससे करीब पांच महीने पहले हुए राज्यसभा चुनाव में भाजपा के तीनों उम्मीदवार रजनीश अग्रवाल, महेश केवट और तरुण चुग निर्वाचित हुए थे।

इस उपचुनाव में हरदीप सिंह पुरी और राजकुमार लोहानी के अलावा अन्य नाम भी सामने आए हैं। बैतूल के अतिथि शिक्षक हरिपाल बिहारे ने भी चुनाव लड़ने की घोषणा करते हुए नामांकन पत्र खरीदा था, जबकि हैदराबाद के समाजसेवी कांते सैयान्ना ने भोपाल पहुंचकर अपना नामांकन दाखिल किया है। ऐसे में राज्यसभा की एक सीट के लिए मुकाबले में कई प्रत्याशियों की मौजूदगी से चुनावी प्रक्रिया दिलचस्प हो गई है।

Dakhal News 2 November 2026

Comments

Be First To Comment....

Video
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.