Dakhal News
मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की पत्नी अमृता राय ने सक्रिय राजनीति में उतरने के संकेत दिए हैं। उज्जैन से अयोध्या तक निकाली जा रही सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा के 23वें दिन अशोकनगर में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने अपना पहला राजनीतिक भाषण दिया। इस दौरान अमृता राय ने केंद्र और राज्य सरकार पर निशाना साधा और महिलाओं से अपने अधिकारों और स्वाभिमान के प्रति जागरूक होने की अपील की। उन्होंने कहा कि महिलाएं उन्हें अपनी समस्याएं बताती हैं, तो वह सोचती हैं कि उन समस्याओं का समाधान कैसे किया जाए।
अमृता राय ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि कई महिलाएं बताती हैं कि वे पिछले 20 साल से फूल के निशान पर वोट दे रही हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें बुनियादी सुविधाएं नहीं मिल पाईं। उन्होंने पानी, बिजली, पेंशन, मुआवजा, महंगाई, शिक्षा और खाद की समस्या का जिक्र करते हुए कहा कि जनता को अपने अधिकारों के लिए जागना होगा। मुफ्त अनाज योजना पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि यदि सरकार 80 करोड़ लोगों को मुफ्त अनाज दे रही है, तो फिर गरीबी और भूख की समस्या क्यों बनी हुई है। राम मंदिर का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, "जब ये लोग राम को नहीं छोड़ रहे, तो आपको क्या छोड़ेंगे।"
अपने संबोधन में अमृता राय ने कहा कि बाबा महाकाल और भगवान राम की प्रेरणा से दिग्विजय सिंह यह यात्रा निकाल रहे हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वह महिलाओं की समस्याओं को याद रखेंगी और दिग्विजय सिंह के साथ उनके सुख-दुख में हमेशा खड़ी रहेंगी। उनके इस राजनीतिक अंदाज और जनता से सीधे संवाद के बाद प्रदेश की राजनीति में उनकी सक्रिय भूमिका को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि, उन्होंने चुनाव लड़ने या किसी राजनीतिक पद को लेकर कोई औपचारिक घोषणा नहीं की है।
Dakhal News
|
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.
Created By:
Medha Innovation & Development |