Dakhal News
मध्यप्रदेश सरकार की अहम डेस्टिनेशन कैबिनेट बैठक बुधवार, 18 नवंबर को मंदसौर जिले के गांधीसागर में आयोजित होने जा रही है। बैठक से पहले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इसे अब तक की कैबिनेट बैठकों से अलग और खास बताया। उन्होंने कहा कि इस बैठक के जरिए गांधीसागर क्षेत्र की विकास संभावनाओं को नई पहचान और दिशा देने का प्रयास किया जाएगा। मुख्यमंत्री के मुताबिक, यहां भविष्य में रोजगार के नए अवसर खुलेंगे। गांधीसागर पंप्ड स्टोरेज परियोजना के माध्यम से बिजली उत्पादन का आधुनिक तरीका विकसित किया जा रहा है, जिसमें पानी को रिसाइकल कर पीक आवर्स में तेजी से बिजली की आपूर्ति की जा सकेगी। इससे प्रदेश को आर्थिक लाभ मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि गांधीसागर पंप्ड स्टोरेज परियोजना की लागत करीब 11,474 करोड़ रुपये है और इससे पूरी क्षमता पर 2,000 मेगावाट बिजली उत्पादन किया जा सकेगा। इस तकनीक के जरिए सौर ऊर्जा से ऊपरी टैंक में पानी पहुंचाया जाएगा और जरूरत के समय बिजली की आपूर्ति की जाएगी। सीएम के अनुसार, इससे हर समय बिजली उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी और बिजली की दरें भी कम हो सकती हैं। उन्होंने इस परियोजना को विज्ञान में रुचि रखने वाले विद्यार्थियों के लिए भी महत्वपूर्ण बताया। सरकार की योजना विद्यार्थियों को इस परियोजना का भ्रमण कराने की है, ताकि वे नई तकनीक और ऊर्जा उत्पादन की प्रक्रिया को करीब से समझ सकें।
मुख्यमंत्री ने गांधीसागर के पर्यटन और ऐतिहासिक महत्व का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि यहां चीता परियोजना संचालित है और क्षेत्र में पर्यटन की बड़ी संभावनाएं हैं। इसके अलावा यहां लाखों साल पुरानी स्फटिक की शिलाएं, शिलालेख और प्राचीन चित्र मौजूद हैं, जो इसे पुरातात्विक और धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण बनाते हैं। गांधीसागर के जल क्षेत्र से मछुआरों को भी लाभ मिल रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि डेस्टिनेशन कैबिनेट जैसे आयोजनों से प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों की पहचान बढ़ेगी, अधिकारियों को नए क्षेत्रों को समझने का अवसर मिलेगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार तथा विकास को गति मिलेगी।
Dakhal News
|
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.
Created By:
Medha Innovation & Development |