Dakhal News
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को मंदसौर जिले के गांधीसागर में मंत्रिपरिषद के सदस्यों के साथ चंबल नदी की पूजा-अर्चना और आरती की। इस दौरान उन्होंने मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड के निवेश संवर्धन कार्यक्रम के तहत 40.50 करोड़ रुपये की लागत से विकसित होने वाली गांधीसागर इको-टूरिज्म परियोजना के पांच प्रोजेक्ट्स का भूमिपूजन किया। मुख्यमंत्री ने हिंगलाज रिसॉर्ट बोट क्लब से मिनी क्रूज के जरिए टेंट सिटी बोट क्लब तक की यात्रा भी की। गांधीसागर के प्राकृतिक सौंदर्य की तुलना स्विट्जरलैंड से की जा रही है। यहां फॉरेस्ट रिट्रीट, टेंट सिटी, वॉटर स्पोर्ट्स और साहसिक गतिविधियों के साथ चंबल नदी की आरती भी पर्यटकों के लिए खास आकर्षण बन रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गांधीसागर बांध पर पंप्ड हाइड्रो स्टोरेज परियोजना की नई तकनीक पर काम शुरू किया गया है। इस तकनीक में दो जलाशयों के जरिए पानी का बार-बार उपयोग कर बिजली उत्पादन किया जाएगा, जिससे पानी की एक बूंद भी बेकार नहीं जाएगी। उन्होंने बताया कि इस परियोजना से बिजली उत्पादन क्षमता में लगभग 20 गुना तक वृद्धि होने की संभावना है। इससे मध्यप्रदेश के साथ देश को भी बिजली उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। मुख्यमंत्री ने गांधीसागर क्षेत्र को वन्यजीवों के लिए भी महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि यहां चीते, गिद्ध और अन्य वन्यजीवों के संरक्षण के साथ पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि सरकार के लगभग तीन साल पूरे होने के अवसर पर आयोजित यह डेस्टिनेशन कैबिनेट प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में विकास की नई ऊर्जा और औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने का माध्यम बनेगी।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने गांधीसागर में आयोजित 'उपज से उद्यम' प्रदर्शनी का शुभारंभ भी किया और किसानों से संवाद किया। प्रदर्शनी में स्थानीय किसानों के नवाचार, आधुनिक कृषि तकनीक और खाद्यान्न, फलोद्यान तथा मसाला उत्पादों को प्रदर्शित किया गया। यहां धनिया, मूंगफली, लहसुन, संतरा और पान क्लस्टर के साथ औषधि एवं दुग्ध उत्पादन से जुड़े स्टॉल लगाए गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के प्रमुख तीर्थस्थलों और पर्यटन केंद्रों पर भी स्थानीय उत्पादों के प्रदर्शन और बिक्री की व्यवस्था की जाएगी, ताकि किसानों को अपनी उपज के लिए बेहतर बाजार मिल सके। गांधीसागर जलाशय का प्राकृतिक सौंदर्य और पर्यटन सुविधाएं मंदसौर, नीमच सहित पूरे क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को नई गति देने की क्षमता रखती हैं।
Dakhal News
|
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.
Created By:
Medha Innovation & Development |