उत्तर भारत की बर्फबारी का असर, मध्य प्रदेश में बढ़ी सर्दी
  Impact of snowfall in North India: Cold intensifies in Madhya Pradesh

उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी का असर अब मध्य प्रदेश में भी दिखाई देने लगा है। उत्तरी हवाओं के चलते प्रदेश में रात के तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है, वहीं सुबह के समय कई शहरों में धुंध छाने लगी है। बीती रात प्रदेश के 20 शहरों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा। सबसे कम तापमान कटनी के करौंदी में 10.6 डिग्री दर्ज किया गया। ठंड के मामले में इस बार इंदौर और भोपाल ने पचमढ़ी को भी पीछे छोड़ दिया। इंदौर में न्यूनतम तापमान 11.1 डिग्री, भोपाल में 12.2 डिग्री और पचमढ़ी में 12.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। वहीं दमोह में पारा गिरकर 11 डिग्री पर पहुंच गया।

मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर भारत में हो रही बर्फबारी और वहां से आ रही ठंडी हवाओं के कारण अगले पांच दिनों में मध्य प्रदेश के न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक और गिरावट आ सकती है। खासतौर पर ग्वालियर-चंबल संभाग में नवंबर के दूसरे पखवाड़े से ठंड का असर बढ़ने की संभावना है। ऐसे में आने वाले दिनों में रात के साथ सुबह के समय भी सर्दी का एहसास ज्यादा होने लगेगा।

फिलहाल मौसम विभाग ने प्रदेश में बारिश या आंधी को लेकर कोई अलर्ट जारी नहीं किया है। अगले कुछ दिनों तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। हालांकि, नवंबर के तीसरे और चौथे सप्ताह में कोई नया मौसम सिस्टम सक्रिय होने पर कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। कुल मिलाकर प्रदेश में सर्दी ने दस्तक दे दी है और तापमान में लगातार गिरावट के संकेत मिल रहे हैं। आने वाले दिनों में लोगों को रात और सुबह की ठंड से राहत मिलने की संभावना कम है।

Dakhal News 13 November 2026

Comments

Be First To Comment....

Video
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.