Dakhal News
मध्य प्रदेश के इंदौर में आयोजित अर्बन ग्रोथ कॉन्क्लेव 2.0 की शुरुआत सोलर राउंड टेबल के साथ हुई। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश के औद्योगिक और आर्थिक विकास को लेकर कई अहम योजनाओं की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि भोपाल और इंदौर के बीच एक लाख करोड़ रुपये का औद्योगिक रोडमैप तैयार किया जाएगा, जिससे इस क्षेत्र को देश के प्रमुख आर्थिक केंद्रों में विकसित करने की दिशा में काम होगा।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने यह भी कहा कि मध्य प्रदेश से दुनिया के प्रमुख देशों के लिए सीधी हवाई सेवाएं शुरू करने की योजना पर काम किया जा रहा है। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में संपत्तियों के दस्तावेजों की कमी का जिक्र करते हुए बताया कि कई लोगों के पास करोड़ों रुपये की संपत्ति होने के बावजूद जरूरी दस्तावेज नहीं थे, जिसके कारण उन्हें बैंक से ऋण लेने और कारोबार करने में परेशानी होती थी। सरकार ने ऐसे लोगों को निःशुल्क रजिस्ट्री की सुविधा उपलब्ध कराई है, ताकि संपत्ति के दस्तावेजों के जरिए आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिल सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश धार्मिक पर्यटन के क्षेत्र में भी अपनी पहचान मजबूत कर रहा है। प्रदेश में पर्यटन सुविधाओं के विस्तार के साथ होटल उद्योग के बड़े अंतरराष्ट्रीय ब्रांड भी निवेश के लिए आ रहे हैं। अर्बन ग्रोथ कॉन्क्लेव 2.0 के जरिए शहरी विकास, औद्योगिक निवेश, कनेक्टिविटी और पर्यटन जैसे क्षेत्रों में संभावनाओं पर चर्चा की जा रही है। भोपाल-इंदौर के बीच प्रस्तावित औद्योगिक रोडमैप को प्रदेश में आर्थिक गतिविधियों और निवेश को बढ़ावा देने की योजना के तौर पर देखा जा रहा है।
Dakhal News
|
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.
Created By:
Medha Innovation & Development |