Dakhal News
इंदौर के ऐतिहासिक लालबाग पैलेस में मंगलवार सुबह खुदाई के दौरान जमीन में दबी एक पुरानी तिजोरी मिली है। पैलेस परिसर में इन दिनों सड़क और दीवार निर्माण का काम चल रहा है। इसी दौरान खुदाई कर रहे कर्मचारियों की नजर मिट्टी में दबी तिजोरी पर पड़ी। इसे बाहर निकालने के बाद मौके पर कर्मचारियों की भीड़ जमा हो गई। एहतियात के तौर पर तिजोरी को सुरक्षित स्थान पर रखवाया गया और वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी सूचना दी गई।
लालबाग पैलेस का इतिहास इंदौर के होलकर राजघराने से जुड़ा हुआ है। ऐसे में यहां पुरानी तिजोरी मिलने के बाद इसके राजपरिवार से संबंधित होने के कयास लगाए जा रहे हैं। सोशल मीडिया पर भी इसे लेकर चर्चा शुरू हो गई है। सवाल उठ रहे हैं कि क्या इस तिजोरी में कभी राजघराने के कीमती दस्तावेज या खजाना रखा जाता था। हालांकि, अभी तक इसके होलकर राजघराने से जुड़े होने की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पैलेस के चौकीदार धर्मेंद्र यादव ने बताया कि परिसर में सड़क निर्माण और सफाई के काम के दौरान कर्मचारियों को जमीन में दबी तिजोरी दिखाई दी थी। जानकारी मिलने पर उन्होंने इसे सुरक्षित स्थान पर रखवा दिया और अधिकारियों को सूचित किया। फिलहाल तिजोरी की उम्र, उसके भीतर मौजूद सामग्री और ऐतिहासिक महत्व को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। पुरातत्व विभाग और संबंधित अधिकारियों के निरीक्षण के बाद ही पता चल सकेगा कि तिजोरी कितनी पुरानी है और इसका होलकर राजघराने से कोई संबंध है या नहीं।
Dakhal News
|
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.
Created By:
Medha Innovation & Development |