CGPSC में अध्यक्ष की नियुक्ति अटकी, 265 पदों पर भर्ती का इंतजार बढ़ा
  Appointment of CGPSC chairperson stalled; wait for recruitment to 265 posts extended

छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) में अध्यक्ष का पद खाली होने से राज्य सेवा परीक्षा-2025 की चयन प्रक्रिया प्रभावित हो रही है। आयोग की अध्यक्ष रीता शांडिल्य 8 सितंबर को सेवानिवृत्त हो गई थीं, लेकिन 50 दिन से अधिक समय बीतने के बाद भी नए अध्यक्ष की नियुक्ति नहीं हुई है। इसके चलते मुख्य परीक्षा में चयनित 608 अभ्यर्थियों के दस्तावेज सत्यापन और साक्षात्कार की प्रक्रिया अटकी हुई है। इस परीक्षा के जरिए 20 विभागों में 265 पदों पर भर्ती की जानी है। अभ्यर्थियों की ओर से सरकार से जल्द अध्यक्ष नियुक्त करने की मांग की जा रही है।

अभ्यर्थी विकास कुमार ओटवानी ने बताया कि मुख्य परीक्षा का परिणाम घोषित होने के बाद आयोग ने 20 सितंबर से 1 अक्टूबर तक साक्षात्कार आयोजित करने की सूचना जारी की थी, लेकिन 16 सितंबर को नई सूचना जारी कर अपरिहार्य कारणों का हवाला देते हुए दस्तावेज सत्यापन और साक्षात्कार स्थगित कर दिए गए। उन्होंने आयोग से नए पाठ्यक्रम में प्रस्तावित बदलावों को लेकर संशोधित सिलेबस भी जल्द जारी करने की मांग की है। उनका कहना है कि हर साल 26 नवंबर को आगामी भर्ती का विज्ञापन जारी होता है, इसलिए अभ्यर्थियों को तैयारी के लिए पर्याप्त समय मिलना चाहिए।

ओटवानी ने चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ाने के लिए कई सुझाव भी दिए हैं। इनमें प्रारंभिक परीक्षा के प्रश्नों में त्रुटियां कम करना, अभ्यर्थियों को प्रश्नपत्र की कार्बन कॉपी देना और चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद मुख्य परीक्षा की उत्तरपुस्तिकाओं की डिजिटल कॉपी निशुल्क उपलब्ध कराना शामिल है। इसके अलावा उन्होंने साक्षात्कार की वीडियो रिकॉर्डिंग कराने की मांग की, ताकि अंकों को लेकर उठने वाली आशंकाओं को दूर किया जा सके। उनका कहना है कि अध्यक्ष का पद रिक्त रहने से आयोग के अन्य काम भी प्रभावित हो रहे हैं और अभ्यर्थियों का इंतजार लगातार बढ़ता जा रहा है।

Dakhal News 3 November 2026

Comments

Be First To Comment....

Video
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.