बिहार में खड़गे की टिप्पणी से गरमाई राजनीति
   Kharge’s remarks heat up politics in Bihar

 

बिहार के पहले मुख्यमंत्री श्रीकृष्ण सिंह की जयंती के अवसर पर आयोजित समारोह में शामिल होने पहुंचे कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर विवादित बयान दिया। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए खड़गे प्रधानमंत्री मोदी के वादों और चुनाव प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों का जिक्र कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने बीजेपी नेताओं को जेल भेजे जाने की बात कही। सभा में मौजूद एक व्यक्ति ने जब कहा कि मोदी कहीं नहीं जाएंगे, तो खड़गे ने जवाब देते हुए कहा, “मोदी तो क्या, मोदी का बाप भी जाएगा।” उनके इस बयान के बाद सभा में हंगामे की स्थिति बन गई। खड़गे के इस बयान को लेकर अब राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है।

खड़गे के बयान पर बीजेपी ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस अध्यक्ष की भाषा और राजनीतिक कार्यशैली पर सवाल उठाए। बीजेपी ने कहा कि जिस तरह की भाषा का इस्तेमाल कभी गुंडे-मवालियों से जोड़कर देखा जाता था, उसी तरह की भाषा अब कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष इस्तेमाल कर रहे हैं। बीजेपी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के नेता हताशा और खीझ में इस तरह की बयानबाजी कर रहे हैं। पार्टी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी निशाना साधा और उनके व्यवहार को लेकर सवाल उठाए। बीजेपी का आरोप है कि राहुल गांधी की कार्यशैली भी राजनीतिक मर्यादाओं के अनुरूप नहीं है। इन बयानों के जरिए बीजेपी ने कांग्रेस नेतृत्व को घेरने की कोशिश की।

बीजेपी ने कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि सत्ता में वापसी के लिए कांग्रेस ने लंबे समय तक कई राजनीतिक प्रयास किए, लेकिन जनता ने उसे सत्ता से बाहर रखा। पार्टी ने राहुल गांधी की विदेश यात्राओं को लेकर भी तंज कसा और आरोप लगाया कि कांग्रेस नेतृत्व सत्ता में लौटने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। खड़गे के बयान के बाद बीजेपी और कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। अब इस बयान को लेकर राजनीतिक बहस के बीच दोनों दलों के नेताओं की प्रतिक्रियाएं चर्चा में हैं।

 

Dakhal News 25 October 2026

Comments

Be First To Comment....

Video
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.