भोपाल में गैस उपभोक्ताओं से सर्विस चार्ज वसूली की शिकायतें
 Complaints regarding the collection of service charges from gas consumers in Bhopal

भोपाल में रसोई गैस उपभोक्ताओं से ई-केवाईसी और इंस्पेक्शन के नाम पर पैसे वसूलने की शिकायतें सामने आई हैं। सरकार और तेल कंपनियों के निर्देशों के मुताबिक, एलपीजी कनेक्शन की आधार आधारित बायोमेट्रिक ई-केवाईसी पूरी तरह मुफ्त है। इसके बावजूद कुछ गैस एजेंसियों के कर्मचारियों पर इंस्पेक्शन और अन्य बहानों से 236 रुपये तक सर्विस चार्ज लेने के आरोप लगे हैं। कोलार क्षेत्र के एक उपभोक्ता ने भी बिना मांग के इंस्पेक्शन की रसीद थमाने और पैसे वसूलने की शिकायत की है।

शिकायतकर्ताओं का कहना है कि कुछ एजेंसियों के कर्मचारी घर पहुंचकर गैस चूल्हे और पाइप की जांच के नाम पर उपभोक्ताओं पर दबाव बना रहे हैं। वहीं, एक गैस एजेंसी संचालक का कहना है कि नियमों के तहत अनिवार्य जांच कराई जा रही है और इसके लिए रसीद भी दी जा रही है। जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक चंद्रभान सिंह जादौन ने स्पष्ट किया है कि ई-केवाईसी के लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाता। यदि एजेंसियां दूसरे बहानों से अवैध वसूली कर रही हैं, तो उपभोक्ता शिकायत दर्ज कराएं, कार्रवाई की जाएगी।

गैस उपभोक्ता स्मार्टफोन के जरिए भी घर बैठे ई-केवाईसी पूरी कर सकते हैं। इसके लिए संबंधित ऐप में आधार ई-केवाईसी का विकल्प चुनकर आधार फेसआरडी ऐप की मदद से चेहरे का सत्यापन किया जा सकता है। यदि कोई गैस एजेंसी ई-केवाईसी के नाम पर पैसे मांगती है, तो उपभोक्ता भुगतान करने से पहले नियमों की जानकारी लें और शिकायत दर्ज कराएं। इसके लिए पेट्रोलियम मंत्रालय की साझा टोल-फ्री हेल्पलाइन 1800-2333-555 पर संपर्क किया जा सकता है।

 

Dakhal News 25 October 2026

Comments

Be First To Comment....

Video
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.