Dakhal News
अभिनेता नसीरुद्दीन शाह ने शनिवार को अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक वीडियो साझा कर भारतीय जनता पार्टी (BJP) और उसकी नीतियों की आलोचना की। उन्होंने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल चुनाव में जीत के बाद बीजेपी उन लोगों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है, जो उसकी विचारधारा से सहमत नहीं हैं। शाह ने कोलकाता स्थित सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट (SRFTI) के छात्रों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि प्रशासन से जवाब मांगने पर छात्रों को कारण बताओ नोटिस दिए गए, निगरानी में रखा गया और धमकियां दी गईं। उन्होंने छात्रों को हॉस्टल खाली करने का आदेश दिए जाने पर भी सवाल उठाए।
SRFTI में छात्र पिछले 25 दिनों से विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। यह आंदोलन 27 सितंबर को एक कार्यक्रम के दौरान हुई कथित झड़प के बाद शुरू हुआ था। छात्र कैंपस में सुरक्षा बढ़ाने, हिंसा के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई करने, अपने खिलाफ जारी नोटिस वापस लेने और कुलपति संतोष अजमेरा के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। संस्थान ने 16 अक्टूबर को नोटिस जारी कर 13 नवंबर तक पढ़ाई रोकने और छात्रों को 24 घंटे में हॉस्टल खाली करने का आदेश दिया था। प्रशासन ने 15 अक्टूबर को छह छात्रों को निलंबित भी किया था। इन पर शिक्षकों और सुरक्षा कर्मचारियों से मारपीट सहित अनुशासनहीनता के आरोप हैं। वहीं, प्रशासन का कहना है कि कुछ छात्र कोर्स पूरा होने के बाद भी हॉस्टल में रह रहे थे और जूनियर छात्रों को कक्षाओं में जाने से रोक रहे थे। छात्रों ने हॉस्टल खाली करने के आदेश का विरोध किया है।
इससे पहले जुलाई में नसीरुद्दीन शाह ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों और NEET पेपर लीक के विरोध में प्रदर्शन कर रहे छात्रों का समर्थन किया था। उन्होंने उस समय छात्रों के साथ कथित मारपीट की आलोचना करते हुए युवाओं से हिम्मत नहीं हारने और अपनी मांगों के लिए आवाज उठाते रहने की अपील की थी। शाह ने सरकार से भी छात्रों के साथ किए जा रहे व्यवहार पर विचार करने को कहा था। अब SRFTI के छात्रों के समर्थन में उनका बयान सामने आने के बाद एक बार फिर बीजेपी और सरकार की नीतियों को लेकर उनकी आलोचना चर्चा में है।
Dakhal News
|
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.
Created By:
Medha Innovation & Development |