सेमीकंडक्टर उद्योग से बदलेगी MP की तस्वीर
   The semiconductor industry will transform the landscape of MP

 

 

मध्य प्रदेश के इंदौर स्थित ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में दो दिवसीय मध्य प्रदेश सेमीकंडक्टर समिट-2026 का शुभारंभ हुआ। समिट का उद्देश्य प्रदेश में सेमीकंडक्टर उद्योग को बढ़ावा देना, निवेश आकर्षित करना और तकनीकी अधोसंरचना विकसित करना है। तेजी से बढ़ते तकनीकी क्षेत्र में सेमीकंडक्टर की अहम भूमिका को देखते हुए राज्य सरकार इस सेक्टर को भविष्य के रोजगार और औद्योगिक विकास के प्रमुख अवसर के रूप में देख रही है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुताबिक, समिट के दौरान 5,800 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिले हैं, जिनसे 10 हजार से ज्यादा युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बनने की संभावना है। आयोजन में देश-विदेश की कंपनियों, निवेशकों, उद्योग विशेषज्ञों, शिक्षाविदों और स्टार्टअप प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। दो दिवसीय समिट में निवेश, तकनीकी सहयोग, अनुसंधान और नवाचार पर चर्चा के साथ 8 पैनल चर्चाएं, 5 राउंडटेबल बैठकें और 2 मुख्य व्याख्यान आयोजित किए जा रहे हैं। वहीं, 50 से अधिक कंपनियां अपनी तकनीकी क्षमताओं, उत्पादों और समाधानों का प्रदर्शन कर रही हैं।

प्रदेश में सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग, चिप डिजाइन, एडवांस्ड पैकेजिंग, टेस्टिंग और इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण जैसे क्षेत्रों को प्राथमिकता देने की योजना है। इसके तहत सेमीकंडक्टर सेंटर ऑफ एक्सीलेंस और फोटोनिक्स एवं क्वांटम टेक्नोलॉजीज सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित किए जाएंगे। इंदौर-उज्जैन इकोनॉमिक कॉरिडोर में भी हाई-टेक उद्योगों को बढ़ावा देने पर जोर है। सरकार का लक्ष्य निवेश प्रस्तावों को वास्तविक परियोजनाओं में बदलकर मध्य प्रदेश को देश के प्रमुख तकनीकी केंद्रों में शामिल करना और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर तैयार करना है।

 

Dakhal News 24 October 2026

Comments

Be First To Comment....

Video
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.