UPSC-CGPSC की तैयारी अब मुफ्त, दुर्ग विश्वविद्यालय की बड़ी पहल
UPSC-CGPSC preparation now free; a major initiative by Durg University

 

छत्तीसगढ़ में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए अच्छी खबर है। दुर्ग स्थित हेमचंद यादव विश्वविद्यालय में अब पात्र विद्यार्थियों को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की मुफ्त कोचिंग देने का रास्ता साफ हो गया है। विश्वविद्यालय की कार्यपरिषद ने डॉ. अंबेडकर उत्कृष्टता केंद्र (DACE) की स्थापना और इसके माध्यम से कोचिंग पाठ्यक्रम संचालित करने के प्रस्ताव को सर्वसम्मति से मंजूरी दे दी है। इस पहल का उद्देश्य पात्र विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी के लिए मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है। केंद्र में भारत सरकार की संबंधित योजनाओं के प्रावधानों के तहत पात्र अनुसूचित जाति (SC), अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) और पीएम केयर्स योजना के लाभार्थी बच्चों को प्राथमिकता के अनुसार कोचिंग की सुविधा दी जाएगी।

प्रस्तावित केंद्र के माध्यम से विद्यार्थियों को UPSC सिविल सेवा परीक्षा, CGPSC, कर्मचारी चयन आयोग (SSC), रेलवे भर्ती बोर्ड के साथ बैंकिंग, बीमा और सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों की भर्ती परीक्षाओं की तैयारी कराई जाएगी। इससे पात्र विद्यार्थियों को विभिन्न सरकारी सेवाओं में चयन के लिए व्यवस्थित अध्ययन और उचित मार्गदर्शन का अवसर मिल सकेगा। विश्वविद्यालय की कार्यपरिषद से मंजूरी मिलने के बाद कुलसचिव को केंद्र की स्थापना और पाठ्यक्रमों के संचालन के लिए नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के लिए अधिकृत किया गया है। विश्वविद्यालय का मानना है कि इस पहल से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों को आगे बढ़ने में मदद मिलेगी।

हालांकि, मुफ्त कोचिंग के लिए आवेदन प्रक्रिया, प्रवेश की तारीख, सीटों की संख्या और पात्रता से जुड़े विस्तृत दिशा-निर्देश अभी घोषित नहीं किए गए हैं। इन जानकारियों के जारी होने के बाद ही विद्यार्थी आवेदन कर सकेंगे। विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. संजय तिवारी के अनुसार, डॉ. अंबेडकर उत्कृष्टता केंद्र के जरिए पात्र विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी का अवसर देना और उन्हें उचित मार्गदर्शन उपलब्ध कराना उद्देश्य है। अब विद्यार्थियों को केंद्र के संचालन और प्रवेश प्रक्रिया से जुड़ी आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।

 

Dakhal News 21 October 2026

Comments

Be First To Comment....

Video
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.