Dakhal News
इंदौर में 11 अक्टूबर को होने वाले भारत-वेस्टइंडीज टी-20 मुकाबले का असर अब होटल कारोबार पर भी दिखाई देने लगा है। मैच के लिए शहर में बाहर से पहुंचने वाले दर्शकों की संख्या बढ़ने के साथ कमरों की बुकिंग तेज हो गई है। इसका सीधा असर किराए पर पड़ा है और कई होटलों में मैच वाले दिन के लिए रूम रेट सामान्य दिनों की तुलना में काफी ज्यादा हो गए हैं। कुछ होटलों में कीमत करीब दोगुनी तो कुछ में ढाई गुना तक पहुंच गई है। टीमों के ठहरने वाले होटलों के अलावा उनके आसपास के होटल भी बढ़ती डिमांड का फायदा उठा रहे हैं।
भारतीय टीम के खिलाड़ियों के ठहरने की व्यवस्था वाले रेडिसन ब्लू में डीलक्स रूम का किराया सामान्य दिन में करीब 6,975 रुपये है, जबकि 11 अक्टूबर के लिए यही कमरा करीब 14 हजार रुपये का हो गया है। प्रेसिडेंशियल सुइट का रेट भी सामान्य दिनों के 51,300 रुपये से बढ़कर मैच की तारीख पर करीब 56,655 रुपये पहुंच रहा है। वहीं वेस्टइंडीज टीम के ठहरने वाले इंदौर मैरिएट में भी कीमतों में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। यहां करीब 13,050 रुपये वाला कमरा मैच के दिन 21,565 रुपये तक पहुंच रहा है, जबकि 7,125 रुपये का डीलक्स रूम 9,900 रुपये में उपलब्ध होगा
इंदौर के सयाजी होटल में भी मैच को देखते हुए कमरों के दाम बढ़े हैं। यहां सबसे महंगे कमरे का किराया सामान्य तौर पर 10,555 रुपये है, जो 11 अक्टूबर को 13,499 रुपये तक पहुंच रहा है। डीलक्स रूम की कीमत भी 6,599 रुपये से बढ़कर 7,466 रुपये हो गई है। शहर में करीब 300 होटल हैं और मैच की तारीख नजदीक आने के साथ खासकर रेडिसन ब्लू और मैरिएट के आसपास के होटलों में बुकिंग का दबाव बढ़ा है। ऐसे में मुकाबले से पहले इंदौर के होटल कारोबार में बढ़ी हुई मांग का असर रूम रेट पर साफ दिखाई दे रहा है।
Dakhal News
|
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.
Created By:
Medha Innovation & Development |