सूखी फसल लेकर CM के सामने पहुंचे किसान, सर्वे के निर्देश
  Farmers approach CM with withered crops; survey ordered

 

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार को एक दिवसीय दौरे पर पांढुर्णा पहुंचे। सांदीपनि विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कम बारिश से प्रभावित किसानों और जिलेवासियों को हरसंभव मदद का भरोसा दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि कम वर्षा से हुए नुकसान का सर्वे कराने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट तैयार करेगा, जिसके आधार पर आगे राहत और सहायता को लेकर फैसला लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिले में सूखे जैसी स्थिति से निपटने के लिए जरूरत के मुताबिक सभी विकल्पों पर काम किया जाएगा।

दौरे के दौरान मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में जिला विकास सलाहकार समिति की बैठक भी हुई। बैठक में जिले में चल रहे सरकारी भवनों और कलेक्टर-एसपी कार्यालय के निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी दी गई। मुख्यमंत्री ने पांढुर्णा में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने पर जोर दिया, ताकि स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ सकें। वहीं, जिला कांग्रेस और किसानों की ओर से मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपकर पांढुर्णा को सूखाग्रस्त घोषित करने और विशेष राहत पैकेज देने की मांग की गई।

सांदीपनि विद्यालय से लौटते समय कुछ किसानों ने मुख्यमंत्री को रोककर अपनी सूखी फसलें दिखाईं। किसानों ने बताया कि खरीफ की फसल में बीज, खाद और बिजली पर खर्च करने के बाद अब पानी की कमी से फसल खराब होने की स्थिति में है। उनका कहना था कि मौजूदा हालात में खरीफ से आमदनी की उम्मीद कम है और रबी की बोवनी भी मुश्किल हो सकती है। किसानों ने फसल नुकसान का सर्वे कर मुआवजा देने और कर्ज से राहत की मांग रखी। मुख्यमंत्री ने किसानों की बात सुनी और उन्हें भरोसा दिलाया कि सर्वे के बाद स्थिति के अनुसार सरकार आगे जरूरी कदम उठाएगी।

 

Dakhal News 5 October 2026

Comments

Be First To Comment....

Video
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.