MP में 4-5 अगस्त से फिर सक्रिय होगा मानसून, कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मध्य प्रदेश में अगले दो दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहेगा, लेकिन 4 और 5 अगस्त से मानसून एक बार फिर सक्रिय होने जा रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, फिलहाल प्रदेश में दो मौसम प्रणालियां सक्रिय हैं, जिनके प्रभाव से भोपाल, इंदौर समेत अधिकांश जिलों में हल्की बारिश हो सकती है। हालांकि अगले 48 घंटों के लिए कहीं भी भारी बारिश का अलर्ट जारी नहीं किया गया है। इसके बाद मानसून के दोबारा सक्रिय होने से प्रदेश के उत्तरी और पूर्वी हिस्सों में तेज बारिश की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने 4 अगस्त के लिए छतरपुर, पन्ना, सतना, मैहर, सीधी, उमरिया, शहडोल और अनूपपुर जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। वहीं 5 अगस्त को निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा और मऊगंज में भी तेज बारिश होने का अनुमान है। मौसम विभाग ने लोगों को मौसम की ताजा जानकारी पर नजर रखने और भारी बारिश के दौरान आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी है।