चरवाहे की बहादुरी से टली बड़ी वारदात, भोपाल में दो बच्चियों के अपहरण के बाद आरोपी फरार
भोपाल के कटारा हिल्स क्षेत्र में दो मासूम बच्चियों के कथित अपहरण का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, मल्टीस्टोरी बिल्डिंग की पार्किंग के पास खेल रही दोनों बच्चियों को तीन नकाबपोश पुरुष और एक महिला जबरन जंगल की ओर ले गए। बच्चियों के अनुसार, वहां उनके साथ मारपीट की गई और कथित तौर पर गलत हरकत करने की कोशिश की गई। इसी दौरान उनकी चीख-पुकार सुनकर पास में मवेशी चरा रहे एक चरवाहे ने मौके पर पहुंचकर आरोपियों का विरोध किया। चरवाहे के हस्तक्षेप के बाद आरोपी बच्चियों को छोड़कर मौके से फरार हो गए। दोनों बच्चियां भटकते हुए करीब दो घंटे बाद अपने घर के आसपास पहुंचीं, जिसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।
कटारा हिल्स थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और आरोपियों की पहचान के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। पुलिस ने बच्चियों और चरवाहे के बयान दर्ज किए हैं। बच्चियों ने बताया कि घटना के दौरान एक आरोपी किसी से फोन पर बात करते हुए कथित तौर पर कह रहा था कि उसने "दो बच्चियों को उठा लिया है।" प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों बच्चियां स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम की डांस रिहर्सल के बाद पार्किंग में खेल रही थीं, तभी यह घटना हुई। पुलिस जंगल और आसपास के इलाकों में लगातार सर्च अभियान चलाकर आरोपियों की तलाश कर रही है।