सिवनी की कई प्रमुख मांगें अधूरी, विकास कार्यों की सौगात के बावजूद लोगों में मायूसी
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सिवनी जिले को 494.16 करोड़ रुपये की लागत वाले 629 विकास कार्यों की सौगात दी, जिसमें 586 कार्यों का लोकार्पण और 43 कार्यों का भूमिपूजन शामिल है। इसके बावजूद जिले की कई वर्षों पुरानी प्रमुख मांगों पर कोई घोषणा नहीं होने से लोगों में निराशा है। लंबे समय से लखनादौन को जिला बनाने, सिवनी नगर पालिका को नगर निगम का दर्जा देने और जिले को संभाग मुख्यालय बनाने की मांग की जा रही है, लेकिन मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान इन मुद्दों पर कोई स्पष्ट घोषणा नहीं की गई।
इसके अलावा मेडिकल कॉलेज के दूसरे चरण के निर्माण, लालमाटी क्षेत्र की सिंचाई परियोजना, स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार, रेलवे ओवरब्रिज, कृषि मंडी के विकास और मक्का उत्पादक किसानों के लिए प्रोसेसिंग यूनिट या समर्थन से जुड़ी योजनाओं पर भी कोई नई घोषणा नहीं हुई। कांग्रेस समेत कई सामाजिक संगठनों ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपकर इन मांगों पर जल्द निर्णय लेने की अपील की है। अब जिले के नागरिकों को उम्मीद है कि सरकार भविष्य में इन लंबित मुद्दों पर सकारात्मक कदम उठाएगी।